रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा का परिणाम रद्द करने की मांग को लेकर बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं और अभ्यर्थियों ने जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता कचहरी चौक होते हुए शहीद चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्य गेट तक पहुंचे प्रदर्शनकारी
जेपीएससी कार्यालय के बाहर पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आयोग के मुख्य गेट तक पहुंच गए और विरोध स्वरूप एक पोस्टर चस्पा किया, जिस पर लिखा था, “जेपीएससी का क्या रेट है?” पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने परीक्षा परिणाम रद्द करने, पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।
कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर की नारेबाजी
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से रांची आ रहे कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जयपाल सिंह स्टेडियम में जुटे और वहां से मार्च करते हुए जेपीएससी कार्यालय पहुंचे।
जेपीएससी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और कथित परीक्षा अनियमितताओं के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास अतिरिक्त बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया।
