32 C
Kolkata
Thursday, April 16, 2026

कारोबारी के बंद घर में बड़ी डकैती, 30 लाख के गहने और चांदी के सिक्के पार

पूर्वी सिंहभूम | टेल्को थाना क्षेत्र के नीलडीह (गायत्री नगर) में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए प्रसिद्ध सीमेंट कारोबारी अवधेश सिंह के घर को निशाना बनाया है। परिवार की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अपराधियों ने घर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान उड़ा लिए। घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला जब घर का कर्मचारी वहां पहुँचा और मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया।

छह कमरों और अलमारियों के ताले टूटे, शातिराना तरीके से केवल गहनों पर किया हाथ साफ
पीड़ित परिवार पिछले पांच दिनों से एक शादी समारोह में शामिल होने नामदा बस्ती गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने घर के छह कमरों और छह अलमारियों के लॉकर तोड़कर आराम से तलाशी ली। कारोबारी के पुत्र सुशील कुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने घर के कपड़ों या अन्य सामानों को छुआ तक नहीं, बल्कि केवल कीमती जेवरातों को ही निशाना बनाया। चोरी हुए सामान में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी द्वारा उपहार में दिए गए करीब 900 ग्राम चांदी के सिक्के भी शामिल हैं।

सीसीटीवी खंगाल रही टेल्को पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना की जानकारी मिलते ही टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के आने-जाने के मार्ग का सुराग मिल सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की विशेष टीमें संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख