32 C
Kolkata
Wednesday, May 6, 2026

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कॉलेजों में कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल शुरू

सारण । जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र अंतर्गत आने वाले तमाम अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों में बुधवार को कामकाज पूरी तरह ठप रहा।

बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर प्रस्तावित राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने अपनी 15 सूत्री मांगों के समर्थन में सामूहिक रूप से कलमबंद हड़ताल की और धरना किया। महासंघ की कार्यकारिणी एवं वृहद परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में आयोजित इस आंदोलन का व्यापक असर देखने को मिला। प्रक्षेत्र के सभी कॉलेजों में कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए कार्यालयी कार्यों का बहिष्कार किया और परिसर में धरने पर बैठ गए।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी ज्वलंत समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों पर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा है।

प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने बताया कि इस आंदोलन की पूर्व सूचना विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव को पहले ही दे दी गई थी। वहीं प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन की अपील पर सभी महाविद्यालयों के स्थानीय सचिवों और अध्यक्षों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती वे पीछे नहीं हटेंगे।

आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करते हुए महासंघ ने बताया कि सात मई 2026 को भी सभी कॉलेजों में धरना कार्यक्रम जारी रहेगा। इसके बाद आगामी 20 मई 2026 को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर कुलपति के समक्ष एक विशाल और प्रभावी प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का निराकरण शीघ्र नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक बनाया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख