मुंबई। मानखुर्द के मंडाला जनता नगर में रविवार रात करीब नौ बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ भारी बारिश के बीच एक तीन मंजिला अवैध निर्माणाधीन मकान अचानक ढहकर पास के मकान पर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और छह बच्चों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते एनडीआरएफ (NDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
कलेक्टर की जमीन पर बना था अवैध मकान
मुंबई नगर निगम की महापौर रीतू तावड़े ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए बताया कि यह तीन मंजिला मकान कलेक्टर की जमीन पर पूरी तरह अवैध तरीके से बनाया गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण यह अचानक बगल के मकान पर जा गिरा। हादसे के बाद मलबे से निकालकर पांच लोगों को शताब्दी अस्पताल और दो को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तीन बच्चे पड़ोस के थे, जो हादसे के वक्त वहां मौजूद थे।
संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू में आई दिक्कत
स्थानीय पार्षद और भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने बताया कि घटनास्थल की गलियां बेहद संकरी होने के कारण एम्बुलेंस और राहत सामग्री को मौके तक पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मलबे में अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसके चलते बेहद सावधानी से राहत कार्य चलाया जा रहा है। स्थानीय मानखुर्द पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
