29.8 C
Kolkata
Thursday, July 2, 2026

पलामू के दुर्गा मंदिर में 8 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

पलामू। जिले के हुसैनाबाद स्थित जपला रेलवे स्टेशन रोड के मां दुर्गा मंदिर में चोर ने देर रात लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना मंदिर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

प्रतिमाओं से मुकुट और आभूषण ले उड़ा चोर

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब दो बजे एक युवक बैग लेकर मंदिर के मुख्य गेट के ऊपर बने खाली हिस्से से अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं से मुकुट समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गया।

गुरुवार सुबह मंदिर खुलने पर चोरी की घटना का पता चला, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

7 से 8 लाख रुपये के आभूषण चोरी

मंदिर के पुजारी आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि बुधवार शाम नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर बंद किया गया था। सुबह मंदिर खोलने पर देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से सभी कीमती आभूषण गायब मिले। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Related Articles

नवीनतम लेख