30.4 C
Kolkata
Sunday, June 21, 2026

राज्यसभा चुनाव में हार के बाद भी एकजुट है इंडिया गठबंधन, कांग्रेस बोली : गठबंधन बचाने के लिए विष पीने को भी तैयार

  • झारखंड में नहीं होगी कोई टूट, सहयोगियों के साथ मिलकर मजबूती से चलेगी सरकार

रांची | झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की शिकस्त के बाद पैदा हुए सियासी घमासान के बीच महागठबंधन ने एकजुटता का बड़ा संदेश दिया है। सहयोगियों के बीच जारी बयानबाजी पर विराम लगाते हुए कांग्रेस और उसके साथी दलों ने साफ कर दिया है कि राज्य में इंडिया गठबंधन पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें बिखराव का कोई खतरा नहीं है। रांची के कांग्रेस भवन में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यह हार किसी एक दल की नहीं, बल्कि पूरे गठबंधन की है।

गठबंधन को बचाने के लिए हर त्याग को तैयार: राधाकृष्ण किशोर

पूर्व मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने चुनाव परिणामों पर खुलकर बात करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में मिली हार को सिर्फ कांग्रेस की पराजय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह पूरे महागठबंधन की सामूहिक हार है और इस पर सभी सहयोगी दलों को गंभीरता से आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्होंने गठबंधन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि अगर इस एकजुटता को बचाए रखने के लिए कांग्रेस को विष भी पीना पड़े, तो पार्टी इसके लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह भी माना कि नतीजों के बाद कुछ नेताओं के बयान भावुकता में आए होंगे, लेकिन सार्वजनिक रूप से इस्तेमाल की गई भाषा मर्यादित होनी चाहिए थी।

मुख्यमंत्री और पूरे महागठबंधन के साथ हुआ विश्वासघात: केशव महतो कमलेश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने चुनाव के दौरान भीतरघात की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस चुनाव में जो धोखा हुआ है, वह किसी एक पार्टी के साथ नहीं बल्कि पूरे महागठबंधन और स्वयं मुख्यमंत्री के साथ हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच करवाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा और राजद द्वारा कांग्रेस प्रभारी के. राजू और विधायकों पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए सहयोगियों से सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप से बचने की अपील की।

पूरी मजबूती से चलेगी सरकार, भाजपा की कोशिशें होंगी नाकाम: प्रदीप यादव

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने सरकार की स्थिरता पर भरोसा जताते हुए कहा कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार पूरी मजबूती के साथ अपनी अवधि पूरी करेगी और कांग्रेस सरकार से अलग होने का कोई इरादा नहीं रखती। उन्होंने विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव में एक बड़े उद्योगपति को उम्मीदवार बनाकर मुकाबले को प्रभावित करने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी राजनीतिक चालें सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि अब समय चुनाव की कमियों पर उलझने के बजाय भविष्य की मजबूत रणनीति पर ध्यान केंद्रित करने का है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सभी विधायकों ने एक सुर में झारखंड प्रभारी के. राजू का बचाव करते हुए उन्हें एक ईमानदार और अनुभवी नेता बताया। बैठक में राजेश कच्छप, इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, रामेश्वर उरांव, ममता देवी, श्वेता सिंह, सोना राम सिंकू, सुरेश बैठा, भूषण बाड़ा और रामचंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। वहीं दीपिका पांडेय, निशत आलम, कुमार जयमंगल और नमन विक्सल कोंगाड़ी ने वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में एकजुटता से मतदान करने की बात दोहराई।

Related Articles

नवीनतम लेख