32.6 C
Kolkata
Saturday, July 18, 2026

हथकड़ी और रस्सी बांधकर आरोपित को बाजार में घुमाया, पत्नी ने एसएसपी से की जांच की मांग

जमशेदपुर। साकची टिन शेड फल मंडी में फल की कीमत को लेकर हुए विवाद के बाद गिरफ्तार किए गए मो. फहीम को पुलिस द्वारा हाथों में हथकड़ी और कमर में रस्सी बांधकर मंडी क्षेत्र में घुमाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद मो. फहीम की पत्नी फरजाना ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पति के साथ मारपीट व 60 हजार रुपये छीनने के आरोप में संबंधित लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

पत्नी ने लगाए मारपीट और रुपये छीनने के आरोप

फरजाना ने अपने आवेदन में कहा है कि शुक्रवार सुबह मो. फहीम फल खरीदने साकची फल मंडी गया था। वहां फल की कीमत को लेकर दुकानदारों से कहासुनी हो गई, जिसके बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 60 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फल व्यवसायी ने दर्ज कराई शिकायत

दूसरी ओर, फल व्यवसायी राकेश केशरी ने साकची थाना में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि मो. फहीम ने पहले फल का भाव पूछा और बाद में लौटकर कीमत को लेकर विवाद शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार उसने गाली-गलौज करते हुए दुकान में रखे फल सड़क पर फेंक दिए। विरोध करने पर कर्मचारी असद हुसैन के साथ मारपीट की और उसका गला दबाने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी माधव चातर के साथ भी मारपीट की गई।

घटना में घायल असद हुसैन का एमजीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसे अंदरूनी चोटें आई हैं।

वीडियो वायरल, दोनों पक्षों की जांच में जुटी पुलिस

फल व्यवसायी की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर साकची पुलिस ने मो. फहीम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे हथकड़ी पहनाकर और कमर में रस्सी बांधकर फल मंडी क्षेत्र में घुमाया गया। इस दौरान वह हाथ जोड़कर फल व्यवसायियों से माफी मांगता भी दिखाई दिया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत, वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख