28 C
Kolkata
Saturday, August 15, 2026

मंडल कारा की सुरक्षा पर डीसी-एसपी की उच्चस्तरीय बैठक, दिए सख्त निर्देश

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में शनिवार को मंडल कारा, चाईबासा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की। इसमें जेल अधीक्षक सहित मंडल कारा के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सुरक्षा व्यवस्था की हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में कारा की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया गया। अधिकारियों ने जेल परिसर में प्रवेश व्यवस्था, आगंतुकों के सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि बंदियों से मिलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान का पूरी तरह सत्यापन किया जाए। आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही मुलाकात की अनुमति दी जाए। वहीं, बंदियों के लिए लाए जाने वाले सामान की भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री कारा परिसर में प्रवेश न कर सके।

सीसीटीवी निगरानी और सतर्कता पर जोर

बैठक में जेल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को हर समय सुचारु रूप से संचालित रखने, उनकी नियमित निगरानी करने तथा सुरक्षा उपकरणों और तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतत सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी संसाधनों के साथ मानवीय सतर्कता भी कारा सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने कहा कि मंडल कारा की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने का निर्देश दिया। बैठक में कारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

Related Articles

नवीनतम लेख