32.6 C
Kolkata
Saturday, July 18, 2026

भोजपुर में जर्जर दीवार गिरी, दो मासूम चचेरे भाइयों की मौत

भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया नगर परिषद क्षेत्र में शनिवार सुबह जर्जर बाउंड्रीवाल गिरने से दो मासूम चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बच्चों के दादा भी घायल हो गए, जिनका उपचार चल रहा है।

घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा

मृतकों की पहचान साजन रजक के तीन वर्षीय बेटे शिवांश कुमार और राहुल रजक के ढाई वर्षीय बेटे अंकित कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे रोज की तरह शनिवार सुबह घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान पास की पुरानी और जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों बच्चे आ गए।

तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्चों तथा उनके दादा छोटक रजक को बाहर निकाला।

अस्पताल में दूसरे बच्चे ने तोड़ा दम

हादसे में शिवांश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल छोटक रजक का इलाज जारी है।

घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख