इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में संयुक्त पुलिस चौकी पर हुए भीषण आतंकी हमले में 14 सुरक्षाकर्मियों समेत 15 लोगों की मौत हो गई। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 12 आतंकवादियों को मार गिराया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा अभियान जारी है।
चौकी पर हमला, विस्फोटक वाहन से उड़ाई दीवार
पाकिस्तान सेना के मीडिया प्रकोष्ठ इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, 23 और 24 जुलाई की दरमियानी रात आतंकवादियों ने संयुक्त पुलिस चौकी की सुरक्षा घेराबंदी तोड़ने का प्रयास किया। सुरक्षा बलों ने तत्काल जवाबी कार्रवाई कर हमले को विफल कर दिया और भाग रहे 12 हमलावरों को मार गिराया।
हमला नाकाम होने के बाद आतंकवादियों ने विस्फोटकों से भरे वाहन को चौकी की बाहरी दीवार से टकरा दिया। तेज धमाके से चौकी को भारी नुकसान पहुंचा और 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सेना के 12 जवान, दो पुलिसकर्मी और वन विभाग के एक पूर्व अधिकारी शामिल हैं।
इलाके में तलाशी अभियान जारी
सेना ने बताया कि हमले के बाद बचे हुए आतंकवादियों की तलाश के लिए पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि देश से आतंकवाद का खतरा खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने की निंदा
हमले की पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने मारे गए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और जवाबी कार्रवाई में 12 आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान क्षेत्रों में आतंकी घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।
