28.5 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

असम बाढ़ का कहर जारी, 14 और मौतें, 7 लाख से अधिक लोग प्रभावित

गुवाहाटी। लगातार हो रही बारिश के कारण असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के 24 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार, बाढ़ से 14 और लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 61 हो गई है। फिलहाल 12 जिलों के 7 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

12 जिले जलमग्न, हजारों गांव प्रभावित

बाढ़ से गोलाघाट, चराईदेव, डिब्रूगढ़, होजाई, नगांव, बिश्वनाथ, जोरहाट, धेमाजी, शिवसागर, शोणितपुर, कामरूप (मेट्रो) और कार्बी आंगलोंग जिले प्रभावित हैं। 37 राजस्व मंडलों के 856 गांव जलमग्न हैं। करीब 7,05,148 लोग और 56,606.777 हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ की चपेट में है। वहीं दिखौ, दिसांग, धनसिरी और कुशियारा नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

राहत शिविरों में एक लाख से अधिक लोग

राज्य सरकार ने प्रभावितों के लिए 96 राहत शिविर और 267 राहत वितरण केंद्र स्थापित किए हैं। राहत शिविरों में 1,15,205 लोग आश्रय लिए हुए हैं, जबकि 2,00,056 अन्य लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रभावित इलाकों में 139 चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं और 63 नावों की मदद से अब तक 998 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।

मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा लगातार बाढ़ की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी प्रभावित जिलों के अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार के मंत्री भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं।

सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त, राहत अभियान जारी

बाढ़ से सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव अभियान में राज्य आपदा मोचन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवी संगठन लगातार जुटे हुए हैं। सरकार प्रभावित लोगों के बीच खाद्यान्न, सरसों का तेल और पशुओं के चारे सहित आवश्यक राहत सामग्री वितरित कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख