32 C
Kolkata
Saturday, May 16, 2026

सुपर चेस क्लासिक रोमानिया 2026: प्रज्ञानानंद की शानदार जीत, विश्व चैम्पियनशिप चैलेंजर सिंदारोव को दी मात

बुखारेस्ट । भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने ग्रैंड चेस टूर के ‘सुपर चेस क्लासिक रोमानिया 2026’ में बड़ा धमाका किया है। टूर्नामेंट के दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रज्ञानानंद ने काले मोहरों से खेलते हुए विश्व चैम्पियनशिप चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को हरा दिया।

डिफेंडिंग चैंपियन प्रज्ञानानंद इस जीत के बाद 2 मुकाबलों में 1.5 अंकों के साथ शुरुआती बढ़त बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। इससे पहले टूर्नामेंट के पहले दौर में उन्होंने फ्रांस के अलीरेज़ा फिरोज़ा के खिलाफ एक मुश्किल बाजी ड्रॉ कराई थी।

इस मुकाबले में भारत के आर. प्रज्ञानानंद ने उज़्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ काले मोहरों से जीत दर्ज की। इस महत्वपूर्ण जीत के साथ ही प्रज्ञानानंद ने कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 की अपनी हार का बदला भी पूरा कर लिया है।

कैंडिडेट्स टूर्नामेंट की हार का लिया बदला
यह मुकाबला प्रज्ञानानंद के लिए एक तरह से बदले जैसा था। साल 2026 के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में सिंदारोव ने प्रज्ञानानंद को दोनों मैचों में मात दी थी। उस समय उज़्बेकिस्तान के इस खिलाड़ी ने घोड़े की कुर्बानी देकर बेहद आक्रामक खेल दिखाया था। इस बार भी सिंदारोव ने उसी रणनीति के तहत घोड़े की बलि दी, लेकिन भारतीय ग्रैंडमास्टर ने बेहद शांत और सटीक बचाव किया। प्रज्ञानानंद ने इस अतिरिक्त मोहरे का बेहतरीन फायदा उठाया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

टूर्नामेंट का स्वरूप
सुपर चेस क्लासिक रोमानिया 2026, 10 दिग्गज खिलाड़ियों के बीच खेला जा रहा एक क्लासिकल राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट है। यह 2026 ग्रैंड चेस टूर का दूसरा मुख्य मुकाबला है, जिसमें प्रज्ञानानंद के इस प्रदर्शन ने भारतीय प्रशंसकों को बड़ी खुशी दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख