सुपौल | जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। एनएच-27 पर एक अनियंत्रित ट्रक ने पैदल जा रही आशा कार्यकर्ता को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार होने में कामयाब रहा।
मछली खरीदने जा रही थीं कंचन देवी
मृतका की पहचान सिमराही नगर पंचायत (वार्ड-13) निवासी स्वर्गीय विरेंद्र दत्त की पत्नी कंचन देवी (56) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह घर से पैदल ही मछली खरीदने बाजार जा रही थीं। इसी दौरान धर्मपट्टी गैस ऑफिस के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल महिला को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कंचन देवी पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता के रूप में समर्पित सेवा दे रही थीं। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही स्वास्थ्य कर्मियों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कंचन देवी अपने परिवार की एकमात्र सहारा थीं। उनकी चार बेटियां हैं, जिनमें से दो विधवा हैं, जबकि उनका एकमात्र बेटा फिलहाल बेरोजगार है। परिवार की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पहुंची राघोपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी ने बताया कि अज्ञात ट्रक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

