रांची : स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य के सभी सिविल सर्जनों के साथ बैठक की. बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, डीआईसी सिद्धार्थ सान्याल, अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज और संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।बैठक में एनएचएम के तहत एसएनए स्पर्श, पीएम अभिम, 15वां वित्त आयोग और मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना की समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सभी लंबित बिल 26 फरवरी तक अनिवार्य रूप से ट्रेजरी भेज दिए जाएं। जरूरत पड़ने पर कैंप लगाकर कार्य पूरा करने को कहा गया।उन्होंने सहियाओं को 24 हजार रुपये की एकमुश्त राशि देने का निर्देश दिया और भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा। आवंटित राशि के अनुरूप व्यय और लंबित बिलों के मिलान पर भी जोर दिया गया। हेल्थ सब सेंटर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। सभी सिविल सर्जनों को उपायुक्त के साथ बैठक कर लंबित मामलों का समाधान करने का निर्देश दिया गया।


