अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 20 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
ड्रोन से पहुंचाई गई खेप की सप्लाई करता था आरोपित
डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान तरनतारन जिले के झबाल स्थित अमृतसर रोड निवासी ओम शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार भी जब्त की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओम शर्मा सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में था और एक विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था। आरोपित का काम सीमावर्ती इलाके में ड्रोन के माध्यम से पहुंचाई गई हेरोइन की खेप को हासिल कर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करना था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप अजनाला सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचाई गई है। विदेशी हैंडलर के सहयोगी इस खेप को ओम शर्मा तक पहुंचाने वाले थे।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित सोहियां कलां क्षेत्र में दाना मंडी के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ओम शर्मा को गिरफ्तार कर उसके पास से 20 किलो हेरोइन बरामद की गई।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि मामले में आगे और पीछे जुड़े सभी लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान करने के साथ ही पहले सामने आए अन्य नशा तस्करी गिरोहों से इसके संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।
इस मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
