नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर केंद्रित पुस्तक ‘अपनापन’ का विमोचन आज नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान ‘पूसा’ के भारतरत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार में होगा। यह सभागार पूसा के राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में स्थित है। ‘अपनापन’ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकासमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आत्मीय और प्रेरणादायी कृति है। यह जानकारी आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई है।
पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व उपराष्ट्रपति बढ़ाएंगे कार्यक्रम की शोभा
विमोचन समारोह की शोभा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू बढ़ाएंगे। इस कार्यक्रम में अनेक केंद्रीयमंत्री, राज्यपाल, अनेक प्रदेशों के मुख्यमंत्री, समाजधर्मी एवं लेखक-पत्रकार मौजूद रहेंगे। ‘अपनापन’ में चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में देखे, सीखे और आत्मसात किए गए अनुभवों का सजीव चित्रण किया है।
शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि यह केवल घटनाओं मात्र का विवरण नहीं, बल्कि एक विचार यात्रा है। इस यात्रा में संगठन, समर्पण और संदेश के माध्यम से नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र निर्माण के सूत्र उभरकर सामने आते हैं। चौहान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर दी बधाई
उल्लेखनीय है कि आज के ही दिन 2014 को नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। चौहान ने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर खुशी जताते हुए लिखा, “आज, इस यशस्वी यात्रा के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस दौरान संपूर्ण देश उत्साह और राष्ट्र गौरव के भाव से ओतप्रोत है। 12 वर्षों का यह कार्यकाल भारत के नव-निर्माण, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति और ‘विकसित भारत’ के उदय का स्वर्णिम कालखंड है।”
उन्होंने आगे लिखा, “यह 12 वर्ष अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के सशक्तीकरण और ‘अंत्योदय के संकल्प’ की सिद्धि के साक्षी रहे हैं। मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन को बदला। आइए, हम सब मिलकर इस गौरवमयी विकास यात्रा के सहभागी बनें तथा एक सशक्त, समृद्ध, विकसित और वैभवशाली भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। सेवा, सुशासन, नव-उत्थान और गरीब कल्याण की इस ऐतिहासिक एवं अद्वितीय यात्रा के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिनंदन।”
