रांची। सीएम हेमंत सोरेन से ट्रिपल आईटी, रांची में चयनित आदिवासी छात्रा सविता कच्छप ने मुलाकात की। यह मुलाकात कांके रोड स्थित सीएम आवासीय कार्यालय में हुई। इस दौरान सीएम ने सविता कच्छप को उनकी सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। सीएम ने राज्य सरकार की ओर से पीएचडी की पढ़ाई के लिए 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक उनके परिजन को सौंपा। सविता कच्छप ने सीएम को बताया कि वह डूंगरी टोली, अरगोड़ा (रांची) की रहने वाली हैं और वर्तमान में मधुकम स्थित अपनी नानी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि 24 वर्ष की उम्र में उनका चयन ट्रिपल आईटी, रांची में इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विषय में पीएचडी के लिए हुआ है। वे आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की पीएचडी अभ्यर्थी हैं। सविता कच्छप टेक्निकल क्षेत्र की पहली आदिवासी रिसर्च स्कॉलर भी हैं और वे IEEE में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना रिसर्च वर्क प्रस्तुत कर चुकी हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने उनकी हौसला अफजाई करते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई और शोध कार्य को आगे भी जारी रखें। राज्य सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग करेगी। इस मौके पर सविता कच्छप के परिजन और अन्य लोग भी मौजूद थे।


