29.9 C
Kolkata
Monday, August 10, 2026

जेपीएससी-जेएसएससी सुधार को लेकर रांची पहुंचे हजारों छात्र

रांची। जेपीएससी-जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में सुधार, पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं के खिलाफ 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव का असर राजधानी रांची में साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र ट्रेन, बस और निजी वाहनों से रांची पहुंच रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख इलाकों में छात्रों की भीड़ नजर आ रही है।

रविवार शाम तक छात्रों के रांची पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कई छात्र समूह नारेबाजी करते हुए आंदोलन स्थल की ओर रवाना हुए। छात्रों का कहना है कि वे विधानसभा घेराव के माध्यम से जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुधार की मांग सरकार के सामने मजबूती से रखना चाहते हैं।

स्टेशन और बस स्टैंड पर बढ़ी भीड़

रांची रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विभिन्न जिलों से आने वाले छात्रों के समूह दिखाई दिए। कई छात्र आंदोलन से जुड़े बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे। रांची पहुंचने के बाद छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम समेत निर्धारित आंदोलन स्थल की ओर जाते नजर आए।

छात्रों का कहना है कि सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं से अभ्यर्थियों में असंतोष है। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा देने वाले युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संथाल क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में छात्र रवाना

देवघर से रांची जाने वाली ट्रेनों में रविवार देर शाम छात्रों की भारी भीड़ देखी गई। रांची-दुमका-गोड्डा ट्रेन से बड़ी संख्या में छात्र रांची के लिए रवाना हुए। जसीडीह, जामताड़ा और मधुपुर से भी छात्र आंदोलन में शामिल होने के लिए रांची पहुंच रहे हैं।

आंदोलनकारी छात्रों का दावा है कि झारखंड के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से भी छात्र रांची पहुंचे हैं। कई छात्र विधानसभा के आसपास के इलाकों में पहुंचकर आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।

वार्ता विफल होने के बाद तेज हुआ आंदोलन

रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच वार्ता हुई, लेकिन मांगों को लेकर सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आगे बढ़ाने का फैसला किया। इसके बाद देर रात से ही छात्रों के रांची पहुंचने और जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा की ओर बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की जांच की जा रही है।

विधानसभा के आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन की नजर छात्रों की आवाजाही और प्रदर्शन की स्थिति पर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख