रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया। सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा की ओर बढ़ने लगे।
छात्रों के अनुसार, कई प्रदर्शनकारी रात में ही अलग-अलग रास्तों से रांची पहुंच चुके थे। छात्र ऑटो, निजी वाहनों और अन्य साधनों से विधानसभा के आसपास पहुंच रहे हैं। आंदोलनकारियों का दावा है कि बिहार, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों से भी छात्र रांची पहुंचे हैं।
पुरानी विधानसभा के पास जुटे छात्र
विधानसभा मार्च से पहले बड़ी संख्या में छात्र पुरानी विधानसभा भवन के पास जुटने लगे। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे। विधानसभा घेराव के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पुरानी विधानसभा परिसर के आगे विधानसभा की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है। बैरिकेड पर कंटीले तार भी लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए विधानसभा और हाई कोर्ट की ओर जाने वाले लोगों के लिए जेएससीए स्टेडियम की ओर से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया गया है।
निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती की मांग
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।
छात्रों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को विधानसभा घेराव के ऐलान को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
