27 C
Kolkata
Wednesday, February 25, 2026

सारण : बंद पड़ी देसी शराब फैक्ट्री में लगी आग

सारण। छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत बिचला तेलपा स्थित चांदनी चौक के समीप उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब उत्पाद विभाग की एक बंद पड़ी देसी शराब पैकेजिंग फैक्ट्री के परिसर में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से ही आसमान में देखा जा सकता था। इस घटना के बाद आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्ट्री परिसर से अचानक आग की लपटें उठती दिखीं। परिसर काफी बड़ा होने और लंबे समय से बंद रहने के कारण वहां उगी सूखी झाड़ियों और पुराने अवशेषों ने आग के लिए ईंधन का काम किया, जिससे देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय निवासियों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद नगर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी भी जानमाल की हानि या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के संबंध में छपरा सदर अंचल अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया इस आग की चपेट में आने से 4-5 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं। हल्का कर्मचारी को मौके पर जाकर वास्तविक क्षति का आकलन करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही प्रभावित घरों और नुकसान का सही आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा। तत्काल सभी को सरकार के नियमानुसार जो भी सुविधा उपलब्ध करानी है उसे उपलब्ध कराया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।

अधिकारी इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि आग दुर्घटनावश लगी है या इसके पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है। गौरतलब है कि इस परिसर में पूर्व में सरकारी देसी शराब का निर्माण और पैकेजिंग होती थी, जो शराबबंदी और अन्य कारणों से लंबे समय से बंद पड़ी है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles