29 C
Kolkata
Wednesday, April 15, 2026

जयमाला समारोह में प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, देखें वीडियो

बक्सर । बिहार में बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत चौसा मल्लाह टोली में मंगलवार की देर रात दरवाजे पर बारात तथा स्टेज पर दुल्हा-दुल्हन का जयमाला समारोह चल रहा था। अचानक गोली की आवाज हुयी और माहौल चीख-पुकार में बदल गयी। पता चला कि दुल्हन को उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर से बारात चौसा आई थी। जयमाला की रस्म चल रही थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे। इसी दौरान मुंह बांधे एक युवक अचानक मंच पर चढ़ गया और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष), पिता नंद जी मल्लाह, को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घायल दुल्हन को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घायल दुल्हन ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाला युवक पड़ोस का दीनबंधु मल्लाह है। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक एकतरफा प्रेम करता था और पहले भी शादी का विरोध जता चुका था।

मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख