32 C
Kolkata
Monday, May 25, 2026

पलामू में सड़क हादसों का कहर: महिला समेत दो की मौत, पांच लोग गंभीर रूप से घायल

पलामू । झारखंड के पलामू जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को चार मौतों के बाद मंगलवार को भी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पांकी: बाइक दुर्घटना में युवक की मौत
पहली घटना पांकी थाना क्षेत्र के सगालीम इलाके की है। यहाँ एक सड़क दुर्घटना में रौशन कुमार नामक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सतबरवा: दो कारों की भीषण टक्कर, एक की मौत
दूसरी बड़ी घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-39 (NH-39) पर पोलपोल के पास हुई। यहाँ दो कारों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। रांची से एक परिवार पलामू के चैनपुर में अपने रिश्तेदारों से मिलकर वापस लौट रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी टक्कर हो गई। इस हादसे में नाहिद परवीन नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार फरहान अख्तर, इशरत परवीन, अफजल खान, कौसर खान, मोहम्मद सुल्तान और दूसरी कार का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हैं।

सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ राणा ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख