39.3 C
Kolkata
Friday, June 19, 2026

आर्यन हुड्डा की तूफानी पारी से रांची टाइटंस बनी नई टेबल टॉपर

रांची। झारखंड T20 क्रिकेट लीग 2026 के सातवें दिन रांची टाइटंस ने धनबाद डायमंड्स को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में रांची टाइटंस ने आर्यन हुड्डा और शिखर मोहन की दमदार बल्लेबाजी के दम पर 192 रन का बड़ा लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर लिया।

आर्यन और शिखर की रिकॉर्ड साझेदारी, धनबाद पस्त

चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची टाइटंस की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही। टीम के ओपनर और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ आर्यन हुड्डा ने महज 55 गेंदों में नाबाद 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, दूसरे छोर से उनका साथ दे रहे शिखर मोहन ने भी 37 गेंदों में 62 रन कूट डाले। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 134 रन की मजबूत साझेदारी कर मैच को एकतरफा कर दिया। इस आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत रांची टाइटंस ने 18.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।

इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए धनबाद डायमंड्स ने निर्धारित ओवरों में 191 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। धनबाद के लिए राम रौशन शरण ने सबसे विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 58 रन बनाए, जबकि आदित्य सिंह ने 26 और विशेष दत्ता ने 24 रन का योगदान दिया। रांची टाइटंस की ओर से प्रिंस अनुराग मुर्मू सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट झटके। कप्तान राजदीप सिंह और युवराज कुमार को भी दो-दो विकेट मिले।

पहले मैच में संथाल स्ट्राइकर्स ने कोयलांचल को चौंकाया

इससे पहले खेले गए दिन के पहले मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। लीग में अब तक शीर्ष पर चल रही कोयलांचल सुपर किंग्स को संथाल स्ट्राइकर्स ने 7 विकेट से शिकस्त देकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोयलांचल सुपर किंग्स ने शरनदीप सिंह भाटिया के 58 और रॉबिन मिंज के 40 रनों की मदद से 148/8 रन बनाए थे। जवाब में संथाल स्ट्राइकर्स ने विवेक कुमार के शानदार 64 और कुमार सूरज के 34 रनों की बदौलत 18.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 154 रन बना लिए और मैच जीत लिया। स्ट्राइकर्स के गेंदबाज प्रत्युष कुमार को घातक गेंदबाजी (3/17 विकेट) के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

लीग के अगले चरण में बुधवार को दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। दिन के पहले मैच में जमशेदपुर स्टीलर्स का सामना शानदार फॉर्म में लौटी संथाल स्ट्राइकर्स से होगा। वहीं, शाम 6:30 बजे के प्राइम टाइम मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स की टीम कोयलांचल सुपर किंग्स के सामने चुनौती पेश करेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख