29.2 C
Kolkata
Friday, August 7, 2026

बारिश से उत्तराखंड में जनजीवन प्रभावित, गंगोत्री-यमुनोत्री और बद्रीनाथ मार्ग बाधित

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने टोंस नदी के किनारे रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से बंद हैं, जबकि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी कालेश्वर के पास अवरुद्ध हो गया है।

राज्य आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार, इच्छाड़ी बांध जलाशय में ट्रैश रैक की जाली जाम होने और अत्यधिक गाद जमा होने के कारण शुक्रवार सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक सफाई कार्य किया जा रहा है। इस दौरान टोंस नदी में लगभग 1500 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाएगा, जिससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, स्नान, मछली पकड़ने तथा अन्य गतिविधियों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

प्रातः 5:30 बजे तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले की तेजम तहसील में हल्की बारिश हो रही है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेलगुगाड़, नालूपानी और गंगनानी के पास मलबा आने से बंद है। वहीं, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्बिल और स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के कारण अवरुद्ध है। दोनों मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।

चारधाम यात्रा मार्गों में केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग फिलहाल यातायात के लिए सुचारु है, जबकि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कालेश्वर के पास मलबा आने से बंद हो गया है। मार्ग बहाल करने के लिए मशीनों की सहायता से युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

नवीनतम लेख