30.2 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

पलामू में ओवरब्रिज और टोल वसूली को लेकर धरना, हाइवे पूरा होने तक टैक्स रोकने की मांग

पलामू। मेदिनीनगर के सदर प्रखंड स्थित पोखराहा और जोड़ में ओवरब्रिज निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण पूरा होने तक जोरकट टोल प्लाजा पर टोल वसूली रोकने की मांग को लेकर मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। धरने के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

ओवरब्रिज नहीं बनने से बढ़ रहे हादसे

धरना को संबोधित करते हुए पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता ने कहा कि पोखराहा स्थित पांकी-डालटनगंज मुख्य मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-39 का क्रॉसिंग दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पॉट बन चुका है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है और लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि इसी महीने यहां तीन लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि इसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोड़ गांव के डालटनगंज-पाटन क्रॉसिंग पर भी लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में दोनों स्थानों पर जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना बेहद आवश्यक है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

हाइवे पूरा होने तक टोल वसूली रोकने की मांग

विधायक ने मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने तक जोरकट टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल टैक्स की वसूली बंद की जाए। उनका कहना था कि अधूरे निर्माण के बीच लोगों से टोल वसूली उचित नहीं है।

धरना-प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख