26.5 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

भागलपुर में निःशुल्क नाव यात्रा की तैयारी: डीएम ने की बैठक, अब यात्रियों और बाइकों से नहीं लिया जाएगा कोई भाड़ा

भागलपुर| मुख्यमंत्री के निर्देशों के आलोक में बरारी घाट से महादेवपुर घाट तक आम जनता के लिए निःशुल्क नाव परिचालन शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में सोमवार को जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बरारी घाट स्थित नियंत्रण कक्ष में निजी नाव चालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम यात्रियों को बड़ी राहत देना और गंगा नदी के दोनों छोरों के बीच आवागमन को सुगम व मुफ्त बनाना है।

बैठक के दौरान जिला प्रशासन और निजी नाव चालकों के बीच आपसी सहमति से प्रति व्यक्ति और मोटरसाइकिल के परिवहन के लिए एक निश्चित दर तय की गई है। इस तय दर के अनुसार होने वाले पूरे खर्च का भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी निजी नाव चालक अब घाट पर किसी भी यात्री से किसी भी प्रकार का भाड़ा या शुल्क नहीं वसूलेगा। आम यात्रियों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों (मोटरसाइकिल) के लिए भी यह नाव यात्रा पूरी तरह से निःशुल्क रहेगी।

निःशुल्क नाव संचालन को सुचारू रूप से चलाने और इस पर निगरानी रखने के लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ निजी नाव चालकों को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर परिचालन में कोई समस्या न आए। इस समीक्षा बैठक के अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर अजय कुमार चौधरी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

नवीनतम लेख