26.8 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

रांची में पहली बार डूरंड कप, 26 जुलाई को मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

रांची। झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से 16 अगस्त तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में सात मुकाबले खेले जाएंगे। 26 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सात मुकाबलों की होगी मेजबानी

रांची में ग्रुप-सी के छह लीग मैच और एक क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। आयोजन को लेकर राज्य सरकार, सेना, जिला प्रशासन और खेल विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। मैदान, फ्लडलाइट, खिलाड़ियों के विश्राम कक्ष और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इन टीमों के बीच होंगे मुकाबले

ग्रुप-सी में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब, भारतीय वायु सेना, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली और श्रीलंका का डिफेंडर्स फुटबॉल क्लब आमने-सामने होंगे। टूर्नामेंट में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के स्टार विंगर ऋत्विक दास और अनुभवी डिफेंडर प्रतीक चौधरी सहित कई चर्चित खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।

दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निशुल्क

खेल विभाग ने दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा है। हालांकि स्टेडियम में प्रवेश केवल निशुल्क टिकट के आधार पर ही मिलेगा। टिकट वितरण के लिए स्टेडियम परिसर में कई काउंटर बनाए जाएंगे। स्टेडियम की क्षमता के अनुसार ही टिकट जारी किए जाएंगे, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा, लेकिन टिकट लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

26 जुलाई को पहला मुकाबला

रांची में पहला मैच 26 जुलाई को शाम पांच बजे खेला जाएगा, जिसमें जमशेदपुर फुटबॉल क्लब का मुकाबला श्रीलंका के डिफेंडर्स फुटबॉल क्लब से होगा। इसके बाद 29 जुलाई, 4 अगस्त, 7 अगस्त, 10 अगस्त और 13 अगस्त को ग्रुप चरण के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 16 अगस्त को क्वार्टर फाइनल मैच आयोजित होगा। रांची में पहली बार हो रहे इस आयोजन से झारखंड के युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर फुटबॉल देखने और सीखने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख