35.6 C
Kolkata
Wednesday, June 3, 2026

एडवांस बुकिंग में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी ‘पेड्डी’: राम चरण की फिल्म की सुस्त रफ्तार, ‘गेम चेंजर’ से पिछड़ी

हैदराबाद| साउथ सुपरस्टार राम चरण अभिनीत और बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ की रिलीज में अब बस कुछ ही घंटे बाकी हैं। यह फिल्म कल यानी 4 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है, जबकि इसके पेड प्रीमियर शो आज रात से ही शुरू हो जाएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह तो देखा जा रहा था, लेकिन एडवांस बुकिंग के मामले में इसके शुरुआती आंकड़े उम्मीद के मुताबिक थोड़े सुस्त नजर आ रहे हैं।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पेड्डी’ ने भारत में अपने पहले दिन के लिए अब तक करीब 5.39 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की है। वहीं अगर वैश्विक स्तर (ग्लोबल मार्केट) की बात करें, तो फिल्म की एडवांस टिकट बिक्री 12 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस वैश्विक कमाई में सबसे बड़ा योगदान उत्तरी अमेरिका (नॉर्थ अमेरिका) सहित अन्य विदेशी बाजारों का रहा है, जहां राम चरण की तगड़ी फैन फॉलोइंग है।

भले ही यह आंकड़ा देखने में बड़ा लग रहा हो, लेकिन राम चरण की अपनी ही पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गेम चेंजर’ के मुकाबले यह काफी कम है। ‘गेम चेंजर’ ने अपनी रिलीज से पहले भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 26 करोड़ रुपये की बंपर एडवांस बुकिंग हासिल की थी। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि तेलंगाना में टिकट की दरों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार की तरफ से मंजूरी मिलने में हुई देरी का सीधा असर फिल्म की शुरुआती एडवांस बुकिंग पर पड़ा है। हालांकि, उम्मीद है कि टिकट की कीमतों का मामला सुलझने के बाद बुकिंग की रफ्तार में तेजी आएगी।

बड़े बजट की इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में राम चरण के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं, जबकि बोमन ईरानी और दिव्येंदु शर्मा भी अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं। अब पूरी फिल्म इंडस्ट्री और ट्रेड पंडितों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद ‘माउथ पब्लिसिटी’ के दम पर बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार बढ़ा पाती है या नहीं।

Related Articles

नवीनतम लेख