31 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

अब ब्लॉक स्तर पर ही सुलझेंगी जनसमस्याएं, हर मंगलवार को लगेगी ‘जन सुनवाई’

खूंटी । जिले के आम नागरिकों को अब अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने एक सराहनीय पहल करते हुए जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार को ‘लोक शिकायत निवारण कार्यक्रम’ (जन सुनवाई) आयोजित करने का निर्देश दिया है।

ब्लॉक स्तर पर ही होगा शिकायतों का निपटारा
प्रशासन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निष्पादन स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। अधिकांश मामले प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी (CO) के स्तर के होते हैं, इसलिए अब ग्रामीणों को रांची या खूंटी मुख्यालय तक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

अधिकारियों की टीम रहेगी मौजूद
उपायुक्त के निर्देशानुसार, इस जन सुनवाई में न केवल BDO और CO मौजूद रहेंगे, बल्कि संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी की उपस्थिति भी अनिवार्य की गई है। इससे जमीन विवाद, विधि-व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक मामलों का निपटारा एक ही छत के नीचे हो सकेगा।

जिला स्तर पर भी जारी रहेगी सुनवाई
यदि किसी कारणवश प्रखंड स्तर पर शिकायत का समाधान नहीं हो पाता है, तो नागरिक जिला स्तर पर अपनी बात रख सकते हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे से जिला स्तरीय जन सुनवाई होगी। सभी शिकायतों और उनके समाधान की रिपोर्ट समय-समय पर जिला मुख्यालय को भेजी जाएगी ताकि निगरानी बनी रहे।

“ग्रामीणों से अपील है कि वे स्थानीय स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों का लाभ उठाएं। इससे आपके समय और पैसे दोनों की बचत होगी।” — सौरभ कुमार भुवानिया, उपायुक्त, खूंटी

Related Articles

नवीनतम लेख