धनबाद । धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित काशीटांड़ के पास सोमवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
गोविंदपुर से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजगंज के बगदाहा निवासी राजकुमार महतो (पेशे से राजमिस्त्री) अपनी पत्नी सरस्वती देवी और बच्चे के साथ बाइक (संख्या JH 10 CR 3134) पर सवार होकर गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे काशीटांड़ के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत SNMMCH धनबाद भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने राजकुमार और सरस्वती को मृत घोषित कर दिया।
“बच्चे की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है और वह फिलहाल अस्पताल में जीवन और मौत की जंग लड़ रहा है।”
हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुट गई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया है।

