34 C
Kolkata
Wednesday, April 15, 2026

कुख्यात टीएसपीसी सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी उर्फ ‘देवा’ रांची पुलिस के गिरफ्त में, पढ़ें पूरी खबर…

रांची | प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (TSPC) के सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी उर्फ देवा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई रांची के एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

फरार होते वक्त घायल हुआ आदिल अंसारी : रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन को खबर मिली थी कि कई उग्रवादी गतिविधियों में संलिप्त टीएसपीसी का कुख्यात कमांडर लोहरदगा शहर में छिपा हुआ है। इस सूचना पर तुरंत कदम उठाते हुए डीएसपी खलारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से लोहरदगा के ईदगाह मोहल्ले में एक किराए के मकान में आदिल के मौजूद होने का पता लगाया। मकान की घेराबंदी के दौरान आदिल ने ऊपरी मंजिल से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन इस कोशिश में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत पकड़कर गिरफ्तार कर लिया।

हथियार और सामग्री बरामद : पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किया है, जिसकी जांच जारी है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि आदिल अंसारी लंबे समय से टीएसपीसी के ऊंचे पदों पर सक्रिय था। वह संगठन के इशारे पर खलारी, पिपरवार, मैकलुस्कीगंज और बुड़मू जैसे इलाकों में व्यापारियों, ठेकेदारों, ईंट-भट्ठा मालिकों और कोयला कारोबारियों से वसूली करता था। पैसे न मिलने पर फायरिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देना उसकी आम रणनीति थी।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हाल के महीनों में उसने कई लोगों से लेवी की मांग करते हुए उन्हें धमकाया था।

Related Articles

नवीनतम लेख