29.4 C
Kolkata
Monday, July 13, 2026

नई दिल्ली में 8-9 जुलाई को होगा नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में आईटी विभाग की सचिव पूजा सिंघल और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी भी मौजूद रहे।

आईटी, उद्योग और पर्यटन के विकास पर होगा मंथन

झारखंड सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में राज्य के औद्योगिक, तकनीकी और पर्यटन विकास की भावी रणनीति पर व्यापक चर्चा होगी। कार्यक्रम में देश-विदेश के नीति-निर्माता, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे।

सम्मेलन के दौरान झारखंड एआई पॉलिसी, झारखंड निवेश प्रोत्साहन नीति, झारखंड पर्यटन नीति, झारखंड टेक्सटाइल नीति, जियाडा रेगुलेशंस और पीपीपी पॉलिसी सहित विभिन्न नीतियों के प्रारूप (कांसेप्ट पेपर) जारी किए जाएंगे। इन पर उद्योग जगत और अन्य हितधारकों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।

आईटी, एआई और डिजिटल गवर्नेंस पर विशेष फोकस

पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा सरकार और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (बी2जी) बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान आईटी विभाग और विभिन्न कंपनियों के बीच कई एमओयू पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।

निवेश, पर्यटन और एमओयू पर रहेगा दूसरा दिन केंद्रित

सम्मेलन के दूसरे दिन निवेश, समावेशी विकास और पर्यटन पर चर्चा होगी। राज्य की पर्यटन क्षमता और औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद औद्योगिक विकास से जुड़े स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन के साथ कई बड़े औद्योगिक घरानों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही राज्य सरकार की नई नीतियों के प्रारूप और डिजिटल पोर्टलों का शुभारंभ भी किया जाएगा।

‘झारखंड विजन 2050’ को मिलेगी नई दिशा

सरकार का मानना है कि यह आयोजन राज्य में निवेश आकर्षित करने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और ‘एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ), दावोस में झारखंड की भागीदारी के बाद यह सम्मेलन वैश्विक निवेश को गति देने और ‘झारखंड विजन 2050’ के लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम का समापन झारखंड की समृद्ध संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख