26.6 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

बांदा के मोहम्मद अर्श ने राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी मोहम्मद अर्श ने चेन्नई में आयोजित योनैक्स-सनराइज अखिल भारतीय सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर पुरुष युगल वर्ग में कांस्य पदक जीता है। उनकी इस उपलब्धि से जिले और प्रदेश का नाम रोशन हुआ है।

सेमीफाइनल तक पहुंचकर जीता पदक

देशभर के शीर्ष खिलाड़ियों की भागीदारी वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मोहम्मद अर्श ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। इसके बाद उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।

उनकी सफलता पर खेल जगत और बांदा जिले में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

फिलीपींस में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

मोहम्मद अर्श बांदा शहर के बलखंडी नाका क्षेत्र निवासी मो. अशफाक के पुत्र हैं, जो फैशन टेलर का काम करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अर्श ने मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है।

जिला बैडमिंटन संघ और बांदा ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों ने मोहम्मद अर्श को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।

मोहम्मद अर्श का चयन 28 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक फिलीपींस में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। इस प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने के बाद मोहम्मद अर्श को देश के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल किया जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख