32 C
Kolkata
Wednesday, August 26, 2026

मप्र में मिलावटखोरी पर बड़ी कार्रवाई, 5.61 करोड़ की खाद्य सामग्री जब्त

भोपाल। रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 20 जुलाई से 25 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान में प्रदेशभर से 5.61 करोड़ रुपये कीमत की 11.73 लाख किलो संदिग्ध और मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की गई। जांच के दौरान घी, मावा, मिठाई, पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूनों में मानकों का उल्लंघन पाया गया है। सबसे गंभीर स्थिति घी के नमूनों को लेकर सामने आई है, जहां भोपाल और इंदौर समेत आठ शहरों में 25 ब्रांड के घी के नमूने अमानक मिले हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान प्रदेशभर से कुल 4,642 नमूने लिए गए। इनमें 2,605 वैधानिक और 2,037 निगरानी नमूने शामिल हैं। प्रयोगशालाओं में जांचे गए 680 नमूनों में 174 नमूने अमानक पाए गए। कार्रवाई के दौरान 18 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीयन निरस्त किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों को 172 नोटिस जारी किए गए हैं।

25 ब्रांड के घी के नमूने फेल

घी की गुणवत्ता को लेकर हुई जांच में भोपाल-इंदौर समेत आठ शहरों में 25 ब्रांड के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। कुछ नमूनों में पाम ऑयल समेत अन्य पदार्थों की मिलावट की पुष्टि हुई है। भोपाल में घी के नौ, इंदौर में सात और उज्जैन में तीन नमूने अमानक पाए गए। इसके अलावा कटनी, नर्मदापुरम, डिंडौरी, धार और दमोह में भी घी के नमूनों में गड़बड़ी सामने आई है।

10,835 किलो प्रतिबंधित एनालॉग पनीर जब्त

खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ भी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 10,835 किलो एनालॉग पनीर का स्टॉक जब्त किया गया। इसके उत्पादन, बिक्री और उपयोग पर रोक के बाद विभाग ने ऐसे उत्पादों की सप्लाई और कारोबार करने वालों पर निगरानी बढ़ा दी है।

नागपुर से आया 166 किलो मिल्क केक भी अमानक

भोपाल के नादरा बस स्टैंड से जब्त किए गए 166 किलो मिल्क केक का नमूना भी जांच में अमानक पाया गया। सोमवार को कार्रवाई के दौरान 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक जब्त किया गया था। विभाग के अनुसार यह मिल्क केक नागपुर के जरीपटका स्थित मनन स्वीट्स से भोपाल लाया गया था। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियंत्रक मनोज पुष्प ने नागपुर कलेक्टर को पत्र भेजकर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।

गुजरात के घी निर्माता पर भी कार्रवाई

गुजरात के खेड़ा जिले स्थित बालाजी डेयरी प्रोडक्ट्स के घी का नमूना भी जांच में असुरक्षित पाया गया है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा नियंत्रक ने गुजरात के खाद्य सुरक्षा आयुक्त को पत्र भेजकर संबंधित निर्माता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

25 घी ब्रांड के खिलाफ कोर्ट केस की तैयारी

असुरक्षित और अमानक पाए गए घी के 25 ब्रांड के निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संबंधित राज्यों के खाद्य सुरक्षा आयुक्तों को भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जा रहे हैं।

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई ने बाजार में बिकने वाले घी, मावा, मिठाई और पनीर की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विभाग का कहना है कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख