सारण। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत छपरा जंक्शन पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सीपीडीएस टीम, सीआईबी और रेसुब पोस्ट ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए छपरा जंक्शन पर एक ट्रेन के महिला कोच से भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद की है।
गुप्त सूचना के बाद चलाया गया सघन चेकिंग अभियान
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को ट्रेन के जरिए शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर संयुक्त टीम ने छपरा जंक्शन पर गाड़ी संख्या 05096 के पहुंचते ही सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। संदिग्धों और लावारिस सामानों की निगरानी के दौरान टीम सीधे ट्रेन के महिला कोच संख्या 074081 में दाखिल हुई, जहां सीट के नीचे दो लावारिस काले रंग के बैग बरामद हुए।
बैग खोलते ही खुली पोल, 7 हजार से अधिक की शराब जब्त
सुरक्षा बलों ने जब दोनों लावारिस बैगों को कब्जे में लेकर उनकी तलाशी ली, तो उसमें से कुल 24 लीटर अवैध विदेशी अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की गई। जब्त की गई इस अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 7,230 रुपए आंकी गई है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि यह शराब किसकी थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
जीआरपी छपरा को सौंपी गई बरामद शराब
इस सफल कार्रवाई में रेसुब छपरा के उप निरीक्षक विशाल, एएसआई बृज सुंदर कुमार, एएसआई आनंद मोहन सिंह, कांस्टेबल संजय यादव, देवरिया पोस्ट के हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार शाह और मसरख पोस्ट के मुकेश कुमार सिंह की मुख्य भूमिका रही। टीम ने बरामद की गई शराब को आगे की कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) छपरा को सौंप दिया है।
