38.8 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

अमेरिका ने ईरान पर दागीं मिसाइलें, जवाब में ईरान ने बहरीन-कुवैत पर किया हमला, होर्मुज जलडमरूमध्य बंद

तेहरान/वाशिंगटन। मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में सैन्य तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच सीधी जंग शुरू हो चुकी है। अमेरिकी सेना ने ईरान पर मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमले किए हैं, जिसके जवाब में ईरान ने सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने का दावा किया है। इसके साथ ही ईरान ने अमेरिका के सहयोगी देशों कुवैत और बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए हैं।

ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी एयरबेस उड़ाए

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने गुरुवार सुबह एलान किया कि अमेरिकी हमलों के जवाब में उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी संपत्तियों को निशाना बनाया है। ईरानी मीडिया के अनुसार, बहरीन के शेख ईसा एयर बेस को पूरी तरह उड़ा दिया गया है, जबकि अली और अहमद एयर फोर्स बेस पर अमेरिकी सेना के 18 महत्वपूर्ण ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। कुवैत और बहरीन के रक्षा मंत्रालयों ने पुष्टि की है कि उनके देश पर ईरान की तरफ से लगातार ड्रोन और मिसाइलें दागी जा रही हैं, जिसका सामना उनकी वायु रक्षा प्रणालियां (Air Defense Systems) कर रही हैं।

होर्मुज जलमार्ग बंद करने की चेतावनी, अमेरिका ने दावों को नकारा

तनाव बढ़ता देख ईरान ने दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री तेल मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को बंद करने की चेतावनी दी है। तेहरान ने दो टूक कहा है कि अब कोई भी जहाज यहाँ से गुजर कर दिखाए। दूसरी तरफ, वाशिंगटन ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह खारिज किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का कहना है कि रणनीतिक जलमार्ग को बंद करने का ईरानी दावा झूठा है और वहां से कमर्शियल टैंकरों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है।

ट्रंप की खुली धमकी- खामेनेई जैसा हश्र करेंगे, अमेरिकी बमबारी तेज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस महासंकट पर बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “हमने कल भी ईरान पर हमला किया था और आज उससे भी बड़ा हमला होगा। अमेरिका किसी से नहीं डरता। जिस दिन अमेरिका चाहेगा, नेतृत्व का झंडा उठाने वालों का हश्र ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई जैसा कर देगा।” ट्रंप के इस बयान के तुरंत बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के बंदर अब्बास, केशम द्वीप और दक्षिणी शहरों सिरिक व मिनाब में भीषण बमबारी की है, जिससे ये इलाके जोरदार धमाकों से दहल उठे हैं।

अब ईरान से सिर्फ बमों से होगी बात: अमेरिकी रक्षा सचिव

अमेरिकी रक्षा मुख्यालय (सेंटकॉम) ने साफ कर दिया है कि आत्मरक्षा में उनके हमले आगे भी जारी रहेंगे, जिसने पिछले तीन महीनों से चल रही शांति वार्ताओं को पूरी तरह खत्म कर दिया है। इस बीच अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि अब ईरान के साथ बातचीत का समय खत्म हो चुका है और अब उससे सिर्फ और सिर्फ बमों के जरिए ही बात होगी।

Related Articles

नवीनतम लेख