28 C
Kolkata
Wednesday, April 29, 2026

महुआ मोइत्रा ने किया मतदान: बोलीं- यह ‘प्रतिशोध’ का वोट है, जनता लोकतंत्र बचाने के लिए सड़क पर

आसनसोल/नदिया । कृष्णानगर से तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार सुबह नदिया जिले में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आम नागरिक की तरह कतार में खड़े होकर वोट डालने के बाद महुआ ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला।

“जनता दे रही है मजाक का जवाब”
वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए महुआ मोइत्रा ने बढ़ते मतदान प्रतिशत को लोकतंत्र की जीत बताया। महुआ ने कहा कि पिछले पांच महीनों से लोकतंत्र के साथ जो मजाक किया गया है, जनता ‘प्रतिशोध’ के वोट से उसका जवाब दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी लाखों मतदाताओं के नाम काटे गए थे, लेकिन जिनका नाम सूची में बचा है, वे शत-प्रतिशत मतदान करने निकल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पहले चरण में शुरू हुआ बदलाव का सिलसिला दूसरे चरण में निर्णायक रूप लेगा।

रेलवे लाइन और ‘लक्ष्मी भंडार’ पर घेरा
करीमपुर में रेलवे लाइन की पुरानी मांग को लेकर महुआ ने सीधे केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने रेल मंत्री रहते हुए कृष्णानगर-करीमपुर लाइन को मंजूरी दी थी, लेकिन मोदी सरकार के 12 वर्षों में इस पर कोई काम नहीं हुआ। महुआ ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘वोट दो, फिर काम होगा’ की राजनीति करती है, जबकि ममता बनर्जी की ‘लक्ष्मी भंडार’ जैसी योजनाएं बिना यह देखे सभी महिलाओं को मिलती हैं कि उन्होंने किसे वोट दिया।

नदिया की 17 सीटों पर कड़ा पहरा
नदिया जिले की करीमपुर, शांतिपुर, कल्याणी और कृष्णानगर उत्तर जैसी 17 महत्वपूर्ण सीटों पर आज मतदान हो रहा है। जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख