हावड़ा । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान बाली विधानसभा क्षेत्र के लिलुआ इलाके में जबरदस्त तनाव देखा गया। डॉन बॉस्को लिलुआ सोहनलाल विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर ईवीएम में आई तकनीकी खराबी के बाद स्थिति हिंसक हो गई, जिसे संभालने के लिए सुरक्षा बलों को बल प्रयोग करना पड़ा।
ईवीएम ठप होने से भड़का लोगों का गुस्सा
बुधवार सुबह मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही उक्त बूथ पर ईवीएम मशीन ने काम करना बंद कर दिया। काफी देर तक मतदान रुकने के कारण तपती धूप में कतार में खड़े मतदाताओं का धैर्य जवाब दे गया। देखते ही देखते मतदाताओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई और अफरा-तफरी
मौके पर तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पहले भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब प्रदर्शनकारी बेकाबू होने लगे, तो स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया गया। लाठीचार्ज होते ही मतदान केंद्र के बाहर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मौके से हंगामा करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया है। जिला प्रशासन के अनुसार, खराब ईवीएम को बदलकर नई मशीन लगा दी गई है और मतदान प्रक्रिया को दोबारा सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है ताकि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो।

