गोरखपुर: महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। भारतीय सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा (AFMS) के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रख्यात चिकित्सक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. भूपेश कुमार गोयल को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप राव ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है।
नियुक्ति आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 तथा विश्वविद्यालय के प्रथम परिनियम की धारा 2.04(क) के तहत कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद डॉ. गोयल की नियुक्ति की गई है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं। उनकी स्वीकृति के बाद की गई यह नियुक्ति विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
डॉ. भूपेश कुमार गोयल भारतीय सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। सेवानिवृत्ति से पूर्व उन्होंने महानिदेशक (ऑर्गेनाइजेशन एंड पर्सोनल) के रूप में 14 हजार से अधिक अधिकारियों के मानव संसाधन प्रबंधन, संगठनात्मक पुनर्गठन और प्रशासनिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा वह पुणे स्थित 1082 बेड के कमांड हॉस्पिटल (सदर्न कमांड) के कमांडेंट भी रहे और दिल्ली, बागडोगरा सहित कई प्रमुख सैन्य अस्पतालों का सफल नेतृत्व किया।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. गोयल को 35 वर्षों से अधिक का चिकित्सकीय अनुभव और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों के अनुरूप 28 वर्षों से अधिक का शिक्षण अनुभव प्राप्त है। उन्होंने 11 शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है तथा उनके 28 शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वे अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में विशेषज्ञ वक्ता और रिसोर्स पर्सन के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
डॉ. गोयल को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 2024 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) तथा वर्ष 2011 में विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। उनके नेतृत्व में कमांड हॉस्पिटल, पुणे को रक्षा मंत्री ट्रॉफी सहित कई राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया है कि डॉ. भूपेश कुमार गोयल के नेतृत्व में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, चिकित्सा प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।
