रांची: रांची नगर निगम शहर के सभी 68 कम्युनिटी हॉल के संचालन को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। निगम ने कम्युनिटी हॉल की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में 16 कम्युनिटी हॉल को ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से जोड़ा जाएगा, जबकि बाद में शेष हॉल भी इस व्यवस्था के दायरे में लाए जाएंगे।
इस संबंध में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कम्युनिटी हॉल की बुकिंग व्यवस्था, किराया, समय-निर्धारण, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक सुधार कार्यों की समीक्षा की गई।
नगर आयुक्त ने कहा कि कम्युनिटी हॉल सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्तियां हैं। इन्हें आधुनिक और नागरिक हितैषी बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू की जा रही है। नई प्रणाली शुरू होने के बाद लोग घर बैठे हॉल की उपलब्धता, किराया और समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा बिना किसी बिचौलिए के ऑनलाइन बुकिंग कर पाएंगे।
बैठक में सभी कम्युनिटी हॉल के लिए एक समान किराया, बुकिंग की शर्तें, समय-सीमा, रद्दीकरण प्रक्रिया और संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सरल और तकनीक आधारित बुकिंग प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने कम्युनिटी हॉल में बिजली, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, फर्नीचर, अग्निशमन सुरक्षा और दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। जिन हॉल में सुविधाओं की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और विकास कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम का लक्ष्य सभी तकनीकी तैयारियां शीघ्र पूरी कर ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली को जल्द आम नागरिकों के लिए शुरू करना है।
