रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के पहले चरण (इन्यूमरेशन फेज) के पूरा होने के बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, जिन 43,74,272 मतदाताओं ने निर्धारित समय सीमा तक गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) जमा नहीं किया, उनके नाम प्रारंभिक ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, सत्यापन और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के बाद पात्र मतदाता अपना नाम दोबारा जुड़वा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी प्राप्त गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ एएसडीडी सूची भी जारी की जाएगी। इसकी सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को तथा हार्ड कॉपी संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 को उपलब्ध कराई जाएगी।
एसआईआर के प्रमुख आंकड़े
- कुल मतदाता: 2,64,63,236
- वितरित गणना प्रपत्र: 2,64,62,345 (100%)
- ड्राफ्ट मतदाता सूची में संभावित नाम: 2,20,88,937
- गणना प्रपत्र जमा नहीं हुए: 43,74,272
- मृत मतदाता: 7,63,997
- पता नहीं चलने वाले मतदाता: 14,60,169
- स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता: 15,93,516
- अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता: 4,38,560
- हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाता: 1,18,030
एसटी आरक्षित सीटों पर अधिक प्रभाव
राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 28 अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है। बरहेट, बोरियो, शिकारीपाड़ा, दुमका, जामताड़ा और मनोहरपुर सहित कई सीटों पर हजारों मतदाता प्रारंभिक ड्राफ्ट सूची से बाहर रह सकते हैं।
रांची जिले में सबसे अधिक प्रभाव
रांची जिले में 6,97,936 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किया। इनमें हटिया विधानसभा क्षेत्र में 1,84,726, रांची विधानसभा क्षेत्र में 1,52,913 और कांके विधानसभा क्षेत्र में 1,42,667 मतदाता शामिल हैं।
नाम नहीं होने पर क्या करें?
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि 5 अगस्त को ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। पात्र मतदाता फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा-पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। सत्यापन के बाद उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सकेगा। इसी प्रक्रिया के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाता भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम दर्ज करा सकेंगे।
