28.2 C
Kolkata
Wednesday, August 12, 2026

झारखंड शराब प्रकरण: एसीबी ने जांच तेज की, तीन पूर्व अधिकारियों को 4 अगस्त को किया तलब

रांची: झारखंड के चर्चित शराब प्रकरण की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तेज कर दी है। जांच एजेंसी राज्य की उत्पाद नीति, शराब आपूर्ति व्यवस्था, झारखंड स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) से जुड़ी प्रक्रियाओं तथा कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की गहन जांच कर रही है। इसी क्रम में एसीबी ने उत्पाद विभाग और जेएसबीसीएल के तीन पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों को 4 अगस्त को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

एसीबी के अनुसार, पहले दर्ज किए गए बयानों का उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है। जहां आवश्यक समझा जा रहा है, वहां संबंधित अधिकारियों से दोबारा स्पष्टीकरण भी लिया जाएगा।

जिन अधिकारियों को तलब किया गया है, उनमें तत्कालीन संयुक्त आयुक्त (उत्पाद) गजेंद्र सिंह, जेएसबीसीएल के तत्कालीन महाप्रबंधक (वित्त) सुधीर कुमार दास और तत्कालीन उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश शामिल हैं।

जांच एजेंसी टेंडर की शर्तों, उनमें किए गए बदलाव, संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं की भूमिका तथा टेंडर प्रक्रिया में शामिल कंपनियों की कार्यप्रणाली की भी जांच कर रही है। इसके अलावा बैंक गारंटी, भुगतान, सरकारी राजस्व की वसूली, शराब आपूर्ति, दुकानों के हिसाब-किताब, नकद संग्रह, बैंक में राशि जमा करने, ऑडिट और राजस्व से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।

एसीबी ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित बैठकों के रिकॉर्ड, अधिकारियों को दिए गए निर्देश और उनके अनुपालन की भी समीक्षा की जा रही है। एजेंसी का कहना है कि पूरी जांच निष्पक्ष, तथ्यपरक और साक्ष्य आधारित तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है। किसी भी व्यक्ति की भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष सभी दस्तावेजों, बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के समग्र परीक्षण के बाद ही निकाला जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख