32.1 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

रांची में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जलजमाव से सड़कें डूबीं, रिम्स बेसमेंट में भरा पानी

रांची। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने राजधानी रांची की रफ्तार थाम दी। शहर के कई प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलजमाव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी घुस गया, जबकि रिम्स के बेसमेंट में जलभराव और पंडरा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। नगर निगम की त्वरित प्रतिक्रिया टीम ने कई इलाकों में पहुंचकर जल निकासी का कार्य शुरू किया।

घरों में घुसा पानी, पंडरा में तीन घंटे प्रभावित रहा यातायात

अरगोड़ा के कटहल मोड़ स्थित कोरोना पब्लिक स्कूल के पास कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एक बिल्डर द्वारा नाली भर दिए जाने से पानी की निकासी बंद हो गई, जिसके कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई। लोगों ने नगर निगम से नाली को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

सेल सिटी रोड नंबर-12 स्थित बालाजी कॉलोनी में नाली नहीं होने के कारण पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई। कई घरों में पानी भर गया और लोग घंटों घरों में ही फंसे रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी यहां जलजमाव हो जाता है, लेकिन बार-बार मांग के बावजूद नाली का निर्माण नहीं कराया गया।

पंडरा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह सात बजे से जलभराव के कारण करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। कई दोपहिया वाहन रास्ते में बंद हो गए, जबकि सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानों में भी पानी घुस गया।

रिम्स और सदर अस्पताल में भी दिखी बदइंतजामी, निगम ने शुरू किया राहत कार्य

बारिश ने रिम्स की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। मंगलवार सुबह तक रिम्स के बेसमेंट का एक हिस्सा पानी में डूबा रहा। नालियों के जाम होने से फिजियोथेरेपी विभाग और आसपास के हिस्सों में जलभराव हो गया। बेसमेंट में गंदा पानी भरने से मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नर्सिंग कर्मियों ने बताया कि जलभराव और सीलन से बदबू फैलती है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।

सदर अस्पताल में भी बारिश का असर देखने को मिला। कई स्थानों से पानी रिसने के कारण इमरजेंसी के पास फर्श पर पानी फैल गया। हालांकि मौसम साफ होने के बाद सफाई कर्मियों ने जल निकासी और सफाई का काम पूरा किया।

जलजमाव की शिकायत मिलने पर नगर निगम की त्वरित प्रतिक्रिया टीम विभिन्न वार्डों में जेसीबी, ट्रैक्टर और मोटर पंप के साथ पहुंची। टीम ने जाम नालियों की सफाई कर पानी निकाला। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलजमाव की सूचना हेल्पलाइन 18005701235 पर दें, ताकि तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख