28.3 C
Kolkata
Thursday, July 9, 2026

जेपीएससी ने सहायक वन संरक्षक मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी, 368 अभ्यर्थी सफल

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) के 78 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में 368 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। अब ये सभी अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण में शामिल होंगे।

28 और 29 जुलाई को होगा शारीरिक परीक्षण

आयोग के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण 28 और 29 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को साक्षात्कार और चिकित्सा परीक्षण से गुजरना होगा। सभी चरण पूरे होने के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।

मुख्य परीक्षा का आयोजन 4 से 12 अप्रैल 2026 तक किया गया था। इसमें प्रारंभिक परीक्षा में सफल 1110 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। प्रारंभिक परीक्षा 13 जुलाई 2025 को राज्य के 34 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 16 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

प्रारंभिक परीक्षा के बाद आयोग ने 25 जुलाई 2025 को मॉडल उत्तर जारी किया था। इसके बाद अभ्यर्थियों की आपत्तियों के आधार पर 26 अगस्त, 13 अक्टूबर, 12 नवंबर और 25 नवंबर 2025 को संशोधित मॉडल उत्तर प्रकाशित किए गए। अंततः 9 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया था।

78 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 78 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें अनारक्षित वर्ग के 32 पद, अनुसूचित जाति के 8, अनुसूचित जनजाति के 20, पिछड़ा वर्ग-1 के 6, पिछड़ा वर्ग-2 के 5 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 7 पद शामिल हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख