पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले में नहीं निकलने की अपील की गई है।
इन 24 जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में दिनभर मौसम खराब रह सकता है। विशेष रूप से किसानों को गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है।
10 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 10 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। उत्तर-पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की भी संभावना है। मंगलवार को गया में सबसे अधिक 54.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
पिछले 24 घंटों के दौरान कटिहार, मधुबनी, पटना, सासाराम, बेतिया और औरंगाबाद सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 9 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। वहीं 10 जुलाई को अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश की संभावना है। 11 जुलाई को पूरे बिहार के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
