डेहरी ऑन सोन। बिहार के रोहतास जिले में एक सीमेंट फैक्ट्री कर्मी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह वारदात रोहतास थाना क्षेत्र के बकनौरा गांव में मंगलवार देर रात हुई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-119 जाम कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हमला
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बकनौरा गांव निवासी 41 वर्षीय ददन यादव के रूप में हुई है। वह बंजारी स्थित डालमिया भारत सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत थे। मंगलवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त कर वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास भुअरा जाने वाली सड़क पर पैक्स गोदाम के समीप अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार सुबह लकड़ी बेचने जा रहे ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
फॉरेंसिक जांच शुरू, सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना पर रोहतास थाना प्रभारी ललन कुमार और डेहरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 राजू रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू की।
हत्या से नाराज ग्रामीणों ने डेहरी-रोहतास राष्ट्रीय राजमार्ग-119 जाम कर उच्चस्तरीय जांच और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी ललिता देवी तथा दो नाबालिग पुत्र हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी ललन कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
