30 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

मंदिर से लौट रहे जमीन कारोबारी को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर

रांची । राजधानी के पंडरा ओपी क्षेत्र में मंगलवार की सुबह अपराधियों ने सरेराह गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। ओटीसी मैदान के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को निशाना बनाया और सीने में गोली मारकर फरार हो गए।

पूजा कर लौटते समय हमला
बैंक कॉलोनी निवासी भार्गव सिंह ‘गोल्डन सिटी इंडिया’ नाम से कंपनी चलाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, भार्गव हर मंगलवार को ओटीसी मैदान स्थित मंदिर में बजरंगबली की पूजा करने जाते थे। मंगलवार सुबह जब वे पूजा कर लौट रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। गोली उनके दाहिने सीने में लगी है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, पारस अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल भार्गव को तुरंत सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में पारस अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने पहले रेकी की थी और फिर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की नीयत से गोलीबारी की। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

मौके पर पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ
घटना की सूचना मिलते ही रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने और अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख