लखनऊ | इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 को अपना पहला सुपर ओवर मुकाबला मिल गया है। इकाना स्टेडियम में खेले गए साँसे रोक देने वाले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को शिकस्त देकर रोमांचक जीत दर्ज की। मैच का फैसला मैदान पर मौजूद दर्शकों के लिए किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं था।
शमी का छक्का और मैच हुआ टाई
पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 155 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 6 रनों की दरकार थी। यहाँ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बल्ले से कमाल दिखाते हुए अंतिम गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़कर मैच को बराबरी (155-155) पर ला खड़ा किया और मुकाबला सुपर ओवर में पहुँच गया।
सुपर ओवर: नरेन का जादू और पॉवेल-रिंकू की जुगलबंदी
सुपर ओवर में गेंदबाजी करने आए सुनील नरेन ने लखनऊ के बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। लखनऊ की टीम सिर्फ 1 रन बना सकी और अपने 2 विकेट खो दिए। निकोलस पूरन पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। एडन मार्करम का कैच रोवमन पॉवेल और रिंकू सिंह ने बाउंड्री पर शानदार तालमेल दिखाते हुए पकड़ा, जिसने मैच पूरी तरह कोलकाता की झोली में डाल दिया।
रिंकू सिंह: जीत के असली ‘बाहुबली’
केकेआर के लिए जीत का लक्ष्य सिर्फ 2 रन था, जिसे रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर हासिल कर लिया। रिंकू इस मैच के असली हीरो रहे. उन्होंने 51 गेंदों पर नाबाद 83 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। मैच के दौरान रिंकू ने बाउंड्री पर 4 बेहतरीन कैच भी लपके।
इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि लखनऊ के लिए यह हार लंबे समय तक कचोटने वाली साबित होगी।

