कोडरमा| कोडरमा की विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. नीरा यादव ने राज्य सरकार से जोरदार मांग की है कि कोडरमा जिले के सभी महाविद्यालयों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभावि) के अंतर्गत ही रहने दिया जाए। सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि इस गंभीर विषय को लेकर उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा सचिव को पत्र लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया है।
विधायक डॉ. नीरा यादव ने राज्य सरकार पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाते हुए कहा कि कोडरमा में विधायक और सांसद भाजपा के हैं, इसलिए एक सोची-समझी साजिश के तहत इस जिले को विकास से महरूम और उपेक्षित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में कोडरमा के सतगावां, मरकच्चो और डोमचांच में डिग्री कॉलेज के भवनों का निर्माण कराया गया था, लेकिन पिछले 5 वर्षों में यहाँ पढ़ाई शुरू कराने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेज को लेकर सरकार पर निशाना
पूर्व शिक्षा मंत्री ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोडरमा जिला मुख्यालय से पॉलिटेक्निक कॉलेज को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया और यहाँ के छात्रों के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं दिया गया। इसके अलावा, उनके कार्यकाल के दौरान जिस इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास हुआ था और जिसका भवन बनकर तैयार है, वहाँ भी 5 साल बीत जाने के बाद आज तक पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। यह साफ तौर पर राज्य सरकार की कोडरमा विरोधी मंशा को उजागर करता है।
सर जेसी बोस विश्वविद्यालय से संबद्धता का विरोध
डॉ. नीरा यादव ने कहा कि कोडरमा के सबसे पुराने जगन्नाथ जैन कॉलेज सहित अन्य महाविद्यालयों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से हटाकर गिरिडीह के सर जेसी बोस विश्वविद्यालय से जोड़ना पूरी तरह से छात्र विरोधी कदम है।
स्थानीय उद्योगों और राजनीतिक घेराबंदी पर उठाए सवाल
विधायक ने आरोप लगाया कि कोडरमा के स्थानीय व्यवसाय को चोट पहुँचाने के लिए क्रेशर और ढिबरा उद्योग को जानबूझकर नष्ट किया जा रहा है। पिछले तीन चुनावों में लगातार हार का सामना करने के कारण झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन यहाँ की जनता को परेशान कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग जनप्रतिनिधियों पर उंगली उठा रहे हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए कि पिछले 7 वर्षों से राज्य में उनकी सरकार होने के बावजूद कोडरमा की समस्याओं के निदान के लिए क्या किया गया? इसके साथ ही उन्होंने राज्य में बढ़ रही घुसपैठ के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
इस प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
