30 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

झारखंड आम महोत्सव 2026 का आयोजन, स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमिता को मिला बढ़ावा

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ट्राइबल बिजनेस डेवलपमेंट उप समिति की ओर से रविवार को चैंबर भवन में ‘झारखंड आम महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उप समिति की चेयरपर्सन माला कुजूर ने किया। महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की समृद्ध आम संस्कृति, स्थानीय किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों और आम आधारित उत्पाद निर्माताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना था।

महोत्सव में आम की विभिन्न किस्मों के साथ-साथ आम से तैयार किए गए अचार, चटनी, आम पापड़, जूस, स्क्वैश और अन्य खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और प्रस्तुति से अतिथियों एवं निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था— ‘फ्रॉम मैंगो टू मार्केट, सेलिब्रेटिंग इनोवेशन एंड ट्रेडिशन’ तथा ‘आम जो बनाए आपको खास, स्वाद भी, सेहत भी, समृद्धि भी।’

उप समिति की चेयरपर्सन माला कुजूर ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल आम के स्वाद का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि स्थानीय उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय व्यवसाय और कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के परिणामों में भास्कर कच्छप ने प्रथम, आरती कुमारी ने द्वितीय, रिंकू मुरारका ने तृतीय और सोनी पाठक ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विजेताओं और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि डॉ. शिवेंद्र कुमार तथा विशिष्ट अतिथियों डॉ. अवनि कुमार सिंह और डॉ. प्रेरणा ने प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, किसानों की आय बढ़ाने और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में सहायक साबित होते हैं। प्रतियोगिता की निर्णायक अलीशा गौतम उरांव थीं।

माला कुजूर ने कहा कि आम महोत्सव के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने और झारखंड की पारंपरिक खाद्य विरासत को नई पहचान दिलाने का सार्थक प्रयास किया गया है। उन्होंने भविष्य में इस तरह के आयोजनों को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की बात कही, ताकि जनजातीय उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल सके।

कार्यक्रम में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री सहित कई पदाधिकारी, उद्यमी, प्रतिभागी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख